सोनौली बॉर्डर पर SSB की बड़ी स्ट्राइक: ₹17 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, दिल्ली का तस्कर गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सोनौली भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सोनौली भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार (17 फरवरी) की रात समवाय सोनौली की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास से भारी मात्रा में ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) बरामद किया है।

एक्स-रे जांच में खुला तस्करी का राज

नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब उसकी भौतिक और एक्स-रे बैगेज जांच की गई, तो सुरक्षा बल दंग रह गए। आरोपी के पास से 31 पैकेट हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 17.590 किलोग्राम पाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस विशेष प्रकार के गांजे की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

विदेशी मुद्रा और पासपोर्ट बरामद

गिरफ्तार तस्कर की पहचान वाहिद हुसैन (निवासी: नॉर्थ दिल्ली) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से निम्नलिखित सामग्री मिली:

नगदी: ₹6,000 (भारतीय मुद्रा) सहित थाईलैंड, नेपाल और मालदीव की विदेशी मुद्रा।

दस्तावेज: 02 पासपोर्ट और एक ओप्पो मोबाइल फोन।

संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

यह सफल ऑपरेशन एसएसबी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जब्त माल के साथ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ इसे एक करारा प्रहार माना जा रहा है।

 

Voice Of News24