राजघाट पर गंदगी के वायरल वीडियो का ग्राम प्रधान ने लिया संज्ञान, पक्के घाट की कराई सफाई

बुलंदशहर जनपद के डिबाई स्थित प्रसिद्ध राजघाट गंगा घाट पर गंदगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्राम प्रधान ओमवीर सिंह ने त्वरित संज्ञान लिया है।

इसके परिणामस्वरूप रविवार को पक्के घाट के नजदीक युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाकर घाट को पूरी तरह स्वच्छ किया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले नरौरा निवासी अभिनंदन पायलट ने अपने सोशल मीडिया पेज पर राजघाट गंगा घाट पर फैली गंदगी और अव्यवस्था का एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन व ग्राम पंचायत से घाट की सफाई कराने की पुरजोर मांग उठाई थी।

कर्मचारियों ने रिक्शा से हटवाया कूड़ा

वीडियो का संज्ञान लेते हुए ग्राम प्रधान ओमवीर सिंह ने रविवार को गंगा पक्के घाट के नजदीक सफाई कर्मचारियों की टीम को काम पर लगाया। कर्मचारियों ने हाथ-रिक्शा के माध्यम से घाट के आसपास फैली तमाम गंदगी, पॉलीथिन और कचरे को हटाकर स्वच्छता सुनिश्चित की।

प्रधान की अपील: ग्राम प्रधान ओमवीर सिंह ने बताया कि राजघाट लाखों लोगों की धार्मिक आस्था का मुख्य केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके, इसके लिए अब नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने घाट पर आने वाले आमजन से भी गंगा की पवित्रता बनाए रखने और गंदगी न फैलाने की अपील की।

स्थानीय जनता ने जताया आभार

घाट की सूरत बदलते देख स्थानीय लोगों और पुरोहितों ने ग्राम प्रधान ओमवीर सिंह तथा सोशल मीडिया पर प्रमुखता से मुद्दा उठाने वाले अभिनंदन पायलट दोनों का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई गई इस गंभीर समस्या का इतनी जल्दी त्वरित समाधान होना बेहद सराहनीय है।

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.