महराजगंज
महराजगंज देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से जारी ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत महराजगंज में हो गई है।

इसी क्रम में वृंदावन से आईं संत स्नेहा जी की उपस्थिति में सिसवा बाजार के सिल्वर फीनिक्स अतिथि भवन में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सेवा संगठनों के पदाधिकारियों, व्यापारियों और गौसेवकों ने हिस्सा लिया।

संत स्नेहा जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता की सेवा और सुरक्षा सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी से हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि प्रथम चरण में देश की 5,000 तहसीलों से राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे गए थे, जिसमें 5 करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता की।
आगामी कार्यक्रम: अभियान के द्वितीय चरण के तहत आगामी 27 जुलाई 2026 को संत समाज और गौसेवकों के नेतृत्व में महराजगंज के जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र और हस्ताक्षर की प्रति सौंपी जाएगी।
इस दौरान संत बालक दास, संघ चालक मोहन लाल अग्रवाल, पतंजलि के कृष्ण मुरारी सिंह, हिंदू कल्याण मंच के नितेश श्रीवास्तव, अखिल भारतीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गौरव दुबे सहित गायत्री परिवार और जय गुरुदेव परिवार के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।













