हापुड़: हाइवे पर खराब खड़ी बस से उतरे यात्रियों को ट्रेलर ने रौंदा, मासूम बच्ची समेत दो की मौत; 6 गंभीर घायल

हापुड़

हापुड़ जनपद के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के अंतर्गत सोना फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के अंतर्गत सोना फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से उतरे यात्रियों को एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सोहराब गेट डिपो की बस यात्रियों को लेकर गोंडा से दिल्ली जा रही थी। सोना फ्लाईओवर के पीछे बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद चालक ने बस को सर्विस लेन कट के पास खड़ा कर दिया। सभी यात्री दूसरी बस में शिफ्ट होने के लिए डिवाइडर कट के पास सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम नायरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सीतापुर निवासी मीरा नामक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही हापुड़ देहात थाना प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल व सीएचसी हापुड़ भिजवाया।

घायलों में शामिल कांति, अरुणा अवस्थी और कंचन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। इस हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हुआ है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.