पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स’ पर व्याख्यान, छात्रों ने सीखीं ब्रह्मांड की जटिलताएं

जौनपुर

जौनपुर जनपद के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया भौतिक विज्ञान संस्थान में बुधवार को ‘ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स’ विषय पर एक विशेष आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया भौतिक विज्ञान संस्थान में बुधवार को ‘ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स’ विषय पर एक विशेष आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया। भौतिकी विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों और शोधार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की नई बारीकियों से रूबरू होने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मगध विश्वविद्यालय के डॉ. सुधाकर उपाध्याय (विजिटिंग एसोसिएट, IUCAA, पुणे) रहे। उन्होंने ब्लैक होल के ऊष्मागतिक गुणों, हॉकिंग विकिरण और एंट्रॉपी जैसे जटिल विषयों को अत्यंत सरल भाषा में समझाया। डॉ. उपाध्याय ने गणितीय उदाहरणों के माध्यम से ब्लैक होल के तापमान, ऊर्जा और एंट्रॉपी के अंतर्संबंधों को स्पष्ट किया, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक भौतिकी के इस चुनौतीपूर्ण विषय की गहरी समझ प्राप्त हुई।

संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और शोध के नए मार्ग प्रशस्त होते हैं। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने किया और अंत में प्रो. देवराज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. पुनीत धवन, डॉ. सुजीत चौरसिया, डॉ. नीरज अवस्थी और डॉ. काजल डे सहित भारी संख्या में प्राध्यापक व शोधार्थी उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24