बलरामपुर: प्रेम-प्रसंग के चलते दोहरे हत्याकांड से सनसनी, प्रेमिका ने पति संग मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट

बलरामपुर

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के महाराजगंज तराई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है .जहाँ एक प्रेमिका ने अपने पति और परिजनों के साथ मिलकर अपने प्रेमी समेत दो युवकों की गला दबाकर हत्या कर दी।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के महाराजगंज तराई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है .जहाँ एक प्रेमिका ने अपने पति और परिजनों के साथ मिलकर अपने प्रेमी समेत दो युवकों की गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शवों को घटनास्थल से 25 किमी दूर फेंक कर इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता और कॉल डिटेल (CDR) ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

शादी के बाद भी दबाव बना रहा था प्रेमी

पुलिस जांच के अनुसार, तुलसीपुर के रमवापुर निवासी दीपचंद का खुशबू नामक महिला से पिछले 4 वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 2 साल पहले खुशबू की शादी हो जाने के बाद भी दीपचंद लगातार उस पर मिलने का दबाव बनाता था। मुंबई से लौटने के बाद रविवार को दीपचंद ने फिर से खुशबू को फोन किया और घर आने की जिद करने लगा।

साजिश के तहत बुलाया और कर दी हत्या

जब इस बात की जानकारी खुशबू के पति को हुई, तो उन्होंने दीपचंद को आमने-सामने बात करने के लिए गांव के बाहर बुलाया। दीपचंद अपने दोस्त मनोज के साथ वहां पहुँचा, जहाँ विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर खुशबू, उसके पति और भाई ने मिलकर दीपचंद और मनोज की गला दबाकर हत्या कर दी।

हादसा दिखाने की नाकाम कोशिश

हत्या के बाद आरोपी अजय और उसके चचेरे भाई संतोष ने दोनों शवों को बाइक पर लादकर 25 किमी दूर लौकहवा के सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया। उन्होंने मृतकों की मोटरसाइकिल भी वहीं छोड़ दी ताकि लोग इसे एक्सीडेंट समझें। सोमवार सुबह पुलिस ने शव बरामद किए, और शुरुआती जांच में मामला हादसा ही लग रहा था।

मोबाइल रिकॉर्ड ने खोला राज, 4 गिरफ्तार

मृतक के भाई की तहरीर पर जब पुलिस ने सीडीआर (CDR) खंगाली, तो खुशबू से हुई बातचीत का खुलासा हुआ। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने इस मामले में खुशबू वर्मा, उसके पति अनिल कुमार, अजय कुमार वर्मा और संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से पुलिस ने टूटा हुआ मोबाइल, माला और बाइक बरामद की है।

 

Voice Of News 24