महराजगंज
महराजगंज: नौतनवां में एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात आने से ठीक पहले दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज: नौतनवां में एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात आने से ठीक पहले दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। इस घटना से सदमे में आई दुल्हन और उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं
नौतनवां की रहने वाली एक युवती का विवाह कोल्हुई थाना क्षेत्र के हरैया पंडितपुर गांव के अशरफ से तय हुआ था। राहुल नगर वार्ड के एक मैरिज हॉल में रविवार को बारात आनी थी। लड़की पक्ष ने शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। दुल्हन को मेहंदी लग चुकी थी, रिश्तेदार पहुंच चुके थे, और भोजन की व्यवस्था भी हो चुकी थी।
काम का बहाना बनाकर निकला दूल्हा
दूल्हे अशरफ के परिवार में भी खुशी का माहौल था। बारात निकलने की तैयारी की जा रही थी, रस्में निभाई जा रही थीं। इसी बीच अशरफ काम से जाने की बात कहकर घर से बाहर निकल गया। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिवार वाले उसका इंतजार करते रहे। इसी बीच दूल्हे ने अपनी मां को फोन किया और बताया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ है और उसी से शादी करेगा। उसने यह भी कहा कि वह अब कभी भी लौटकर घर नहीं आएगा।
दुल्हन के घर मातम
उधर, दुल्हन के घर बारात का इंतजार हो रहा था। तभी दूल्हे पक्ष का फोन आया। फोन पर लड़के की मां ने बेटे के अपनी प्रेमिका के साथ भाग जाने की खबर दी। यह सुनते ही दुल्हन और उसकी मां को गहरा सदमा लगा। दोनों बेहोश हो गईं। घर वाले तुरंत उन्हें नौतनवां के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
दुल्हन के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी थी और सारी तैयारी हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई हो और उनका जो खर्च हुआ है, वह वापस कराया जाए।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
“गांव की कटिंग चाय” मासिक पत्रिका, हैरान कर देने वाले कुछ रोचक तथ्य एवं महत्वपूर्ण घटनाएं, हृदय को झकझोर देने वाली ये मासिक पत्रिका एक बार जरूर पढ़ेंhttps://t.co/5MAM5q2iTI
— Voice of News 24 (@VOfnews24) February 12, 2025























