जौनपुर

जौनपुर जनपद के जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास घनी आबादी वाली कॉलोनी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास घनी आबादी वाली कॉलोनी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मकान के सामने टीन शेड लगाते समय ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता, उनके पुत्र और एक मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद से ही विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, तिलकधारी विधि महाविद्यालय के प्रवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। काम में उनका 18 वर्षीय पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार भी लगे हुए थे। इसी दौरान टीन शेड ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट उतरते ही तीनों बुरी तरह झुलसने लगे और शरीर से चिंगारियों के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए बांस-बल्लों की मदद से किसी तरह तीनों को तार से अलग किया।
घायलों की स्थिति गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे ज्ञान प्रकाश सिंह के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में ऑपरेशन के बाद हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार का उपचार जौनपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
शिकायत के बावजूद बेपरवाह रहा विद्युत विभाग
कॉलोनीवासियों का कहना है कि 20 से 25 मकानों वाली इस आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड कराने या बाहर शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे पहले भी दो बार यह तार टूटकर नीचे गिर चुका है। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि ठोस कदम न उठाए गए तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है।
राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता डॉ. अजीत श्रीवास्तव का लालगंज में भव्य नागरिक अभिनंदन, शिक्षकों ने सराहाhttps://t.co/QPx5xH2vUp
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 25, 2026













