सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के आज़ाद नगर–बेलसर मार्ग की लंबे समय से चली आ रही बदहाली और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के आज़ाद नगर–बेलसर मार्ग की लंबे समय से चली आ रही बदहाली और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। आज सादिक़ अली अहमद के नेतृत्व में आज़ाद नगर, सरोजनी नगर और आसपास के क्षेत्रों के दर्जनों संभ्रांत नागरिकों ने जिलाधिकारी (DM) से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण कार्य तत्काल युद्ध स्तर पर शुरू कराने की पुरजोर मांग की है।
10 वर्षों से जर्जर है मार्ग, आपातकाल में एम्बुलेंस का भी आना मुश्किल
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में नागरिकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि यह मुख्य संपर्क मार्ग पिछले करीब 10 वर्षों से बेहद जर्जर और दयनीय अवस्था में है। बरसात के मौसम में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है; पूरी सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। जलभराव के कारण चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। सबसे गंभीर बात यह है कि किसी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस भी इस मार्ग से नहीं गुजर पाती। इस बदहाली का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
तीन महीने पहले हुआ था शुभारंभ, पर काम अब भी अधूरा
नागरिकों ने ज्ञापन में इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई कि लगभग तीन महीने पहले नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा पूरे जोर-शोर के साथ इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। लेकिन विडंबना यह है कि आज तक वास्तविक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। ठेकेदार या कार्यदायी संस्था द्वारा केवल कुछ जगहों पर गिट्टी गिराकर काम को अधर में छोड़ दिया गया है। सड़क पर बिखरी इन गिट्टियों के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा और ज्यादा बढ़ गया है।
जवाबदेही तय करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य को बिना किसी देरी के तुरंत शुरू कराया जाए। साथ ही, इतने लंबे समय से कार्य को लटकाए रखने और जनता को परेशान करने के जिम्मेदार अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर मुख्य रूप से अकबर अली, मैनुद्दीन, जुमराती नेता, हारून, धीरज गुप्ता, रहंगू, राम सेवक, दयाशंकर पांडे, राजू भाई, अरीश, राजाराम, हरीशचंद्र, अंकुर, अदनान, नज़ीर टेंट सहित भारी संख्या में सम्मानित नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: दो दिनों में 363 पीसीएस अधिकारियों का तबादला; मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी हुई दूसरी सूचीhttps://t.co/8XmkC1A57i
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 13, 2026













