घघसरा

गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत घघसरा पुलिस चौकी के परशुराम नगर (पनिका) में गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत घघसरा पुलिस चौकी के परशुराम नगर (पनिका) में गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में टुल्लू पंप के खुले तार से उतरे करंट की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक प्रियांशु गौड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
निर्माणाधीन मकान में पानी भरने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, पनिका निवासी पप्पू गौड़ के नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार दोपहर में निर्माण कार्य की तराई के लिए टुल्लू पंप चलाकर पानी भरा जा रहा था। इसी दौरान कक्षा 6 में पढ़ने वाला 11 वर्षीय प्रियांशु गौड़ किसी को पानी का पाइप या सामान पकड़ाने के लिए आगे बढ़ा।
अचानक उसका पैर पास में पड़े टुल्लू पंप के कटे-फटे खुले विद्युत तार पर पड़ गया। तार में प्रवाहित हो रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही प्रियांशु बुरी तरह झुलस गया और वहीं छटपटाने लगा।
परिजनों के पहुंचते-पहुंचते थम चुकी थीं सांसें
मासूम की चीख सुनकर आसपास मौजूद परिजन और ग्रामीण बदहवास होकर दौड़े। किसी तरह विद्युत आपूर्ति बंद कर बच्चे को तार से अलग किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और करंट के तीव्र झटके से मासूम की मौके पर ही सांसें थम गईं।
दो भाइयों में छोटा था प्रियांशु, मां का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि प्रियांशु दो भाइयों में छोटा था और पढ़ाई-लिखाई में काफी होनहार था। इस अप्रत्याशित हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटे की असमय मौत से मां का रो-रोकर बेसुध हाल है, वहीं पिता और भाई गहरे सदमे में हैं। गांव के जिस घर में नए मकान के बनने का उत्साह था, वहां अब केवल चीत्कार और सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026












