सिसवा बाजार

महराजगंज जनपद के सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार के पूर्व छात्र, युवा वैज्ञानिक एवं लेखक शुभम पाण्डेय का बुधवार को अपने पूर्व विद्यालय आगमन पर विद्यालय परिवार की ओर से भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार के पूर्व छात्र, युवा वैज्ञानिक एवं लेखक शुभम पाण्डेय का बुधवार को अपने पूर्व विद्यालय आगमन पर विद्यालय परिवार की ओर से भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय पहुंचे शुभम पाण्डेय ने चेयरमैन ओ. ए. जोसेफ, प्रबंधक बिंसी जोसेफ और प्रधानाचार्य बैजू चेरियन से शिष्टाचार भेंट की तथा अपनी स्वरचित व प्रकाशित पुस्तकों ‘ब्रह्मांड’ एवं ‘भूमंडल’ की प्रतियां विद्यालय को भेंट कीं।
प्रातःकालीन सभा में छात्रों से संवाद, साझा किए अनुभव
विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित शुभम पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा, वैज्ञानिक शोध और साहित्यिक लेखन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य, सतत जिज्ञासा, अनुशासन और निरंतर सीखने की ललक सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और लेखन के क्षेत्र में अपनी रुचि विकसित कर नए विचारों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
‘ब्रह्मांड’ और ‘भूमंडल’ पुस्तकें कीं भेंट, गुरु की भविष्यवाणी को किया याद
शुभम पाण्डेय द्वारा विद्यालय को भेंट की गई पुस्तक ‘ब्रह्मांड’ मानव की प्राचीन खगोलीय जिज्ञासा से लेकर आधुनिक अंतरिक्ष युग तक के सफर को रेखांकित करती है, जबकि ‘भूमंडल’ रिमोट सेंसिंग (सुदूर संवेदन), जीआईएस (GIS) और पृथ्वी अवलोकन जैसे आधुनिक वैज्ञानिक विषयों पर आधारित एक संदर्भ पुस्तक है।
विशेष बात यह है कि उन्होंने अपनी पुस्तक में अपने प्रिय शिक्षक फणींद्र कुमार मिश्र का विशेष रूप से उल्लेख किया है, जिन्होंने नौ वर्ष पूर्व ही उनके वैज्ञानिक बनने की भविष्यवाणी कर दी थी।
अपनी जड़ों में लौटना सौभाग्य का विषय: शुभम पाण्डेय
विद्यालय प्रबंधन की ओर से चेयरमैन ओ. ए. जोसेफ और प्रबंधक बिंसी जोसेफ ने शुभम पाण्डेय को स्मृति-चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। अपने पूर्व छात्र को वैज्ञानिक और लेखक के रूप में देखकर शिक्षकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
भावुक होते हुए शुभम पाण्डेय ने कहा, जिस विद्यालय से मैंने शिक्षा और संस्कार सीखे, आज वहीं अपनी पुस्तकों के साथ लौटना मेरे लिए अपनी जड़ों से जुड़ने जैसा और अत्यंत गर्व का विषय है।इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026












