हापुड़
हापुड़ जनपद के थाना धौलाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज दबंगों ने युवक के कार्यालय में घुसकर उस पर लाठी-डंडों और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के थाना धौलाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज दबंगों ने युवक के कार्यालय में घुसकर उस पर लाठी-डंडों और फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ा गांव निवासी जितेंद्र तोमर उर्फ पिंटू तोमर का पुत्र हिमांशु तोमर शुक्रवार सुबह पिलखुवा मार्ग स्थित क्राउन प्लाजा के पास मामा-भांजा पीर वाले रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में अवैध खनन की मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो रहा था। हिमांशु ने जब रास्ता रोकने का विरोध किया, तो वहां मौजूद खनन कार्य से जुड़े कुछ लोगों से उसकी तीखी कहासुनी हो गई।
कार्यालय में घुसकर किया ताबड़तोड़ हमला
परिजनों का आरोप है कि इस विवाद के कुछ ही समय बाद ककरान और बझैड़ा खुर्द गांव के कई युवक एक राय होकर हिमांशु के कार्यालय पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय में घुसते ही हिमांशु पर लाठी-डंडों और फावड़े से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में हिमांशु का सिर फट गया और वह मरणासन्न हालत में जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने किसी तरह पीड़ित को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
वारदात को अंजाम देकर सभी हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची थाना धौलाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहे अवैध मिट्टी खनन को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह प्रभावी अंकुश लगाया जाए, तो इस प्रकार के खूनी संघर्षों और आपराधिक वारदातों पर रोक लग सकती है।
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर बदमाश पिंकल गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा व चोरी का माल बरामदhttps://t.co/kLWfHpz7Fv
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 3, 2026













