मऊ: पुलिस और डीजल चोर गैंग के बीच तड़के भीषण मुठभेड़; एक बदमाश के पैर में लगी गोली, तीन साथी गिरफ्तार

मऊ

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। कुसुम्हा चट्टी के पास हुई इस पुलिस मुठभेड़ में आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसके तीन अन्य सक्रिय साथियों को मौके से दबोच लिया। यह गिरोह दो दिन पहले ही दोहरीघाट क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर को गोली मारकर सनसनी फैलाने की घटना में भी शामिल था।

चेकिंग के दौरान हुई घेराबंदी

घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला एक शातिर गिरोह मऊ की तरफ से आ रहा है। इस सटीक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोहरीघाट पुलिस टीम ने कुसुम्हा चट्टी के पास बैरिकेडिंग कर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान दो संदिग्ध कारें आती हुई दिखाई दीं। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो चालकों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और दूसरे रास्ते पर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल अपनी गाड़ियों से उनका पीछा शुरू किया। इसी बीच, मादी क्षेत्र की तरफ गश्त कर रही पुलिस की सेकेंड मोबाइल वैन को भी वायरलेस पर अलर्ट किया गया। दोनों तरफ से की गई मजबूत घेराबंदी के बाद बदमाशों को कुसुम्हा के पास रोक लिया गया।

बदमाशों ने की पुलिस पर फायरिंग, एक घायल

पुलिस के अनुसार, खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे और उसके बाकी तीन साथियों को मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाश की पहचान चौरी-चौरा निवासी उपेंद्र राजभर के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उपेंद्र के साथ उसके साथी बाबूलाल, त्रिपेश दुबे और धीरज को भी गिरफ्तार किया है।

लक्जरी गाड़ियां और भारी मात्रा में असलहे बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक इनोवा कार, एक अर्टिगा कार, एक पिस्टल, 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद इनोवा गाड़ी का इस्तेमाल ही दो दिन पहले दोहरीघाट थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर पर फायरिंग करने की घटना में किया गया था, जिसके संबंध में थाना दोहरीघाट में मुकदमा अपराध संख्या 133/26 पहले से दर्ज है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.