औरंगाबाद: एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को सिखाया सुरक्षा का पाठ, हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

औरंगाबाद

बुलंदशहर जनपद के मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आज मंगलवार को औरंगाबाद पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आज मंगलवार को औरंगाबाद पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और शिक्षण संस्थानों के आसपास महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करने के तरीके बताए।

सुरक्षा के साथ सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना: बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता।

निराश्रित महिला पेंशन योजना: बेसहारा और विधवा महिलाओं को मिलने वाली वित्तीय मदद।

महिला रात्रि एस्कॉर्ट सुरक्षा योजना: रात के समय अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं को पुलिस द्वारा प्रदान की जाने वाली सुरक्षा।

संकट के समय इन नंबरों पर करें संपर्क

म.उ.नि. खुशबू राजपूत ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे आपातकालीन स्थिति में डरे नहीं, बल्कि इन महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें

1090: वूमेन पावर लाइन,112: आपातकालीन पुलिस सेवा,1930: साइबर अपराध सहायता,1098: चाइल्ड हेल्पलाइन,181: महिला हेल्पलाइन,1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

पुलिस आपकी मित्र है, बेझिझक करें संवाद

महिलाओं को संबोधित करते हुए महिला उपनिरीक्षक ने कहा कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के अंतर को समझाया और आत्मरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़, साइबर फ्रॉड या घरेलू हिंसा की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचित करें।

इस दौरान एंटी रोमियो टीम ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त भी की और अकारण घूमने वाले मनचलों को कड़ी चेतावनी दी। पुलिस की इस सक्रियता की क्षेत्र की महिलाओं और प्रबुद्ध जनों ने जमकर सराहना की है।

 

Voice Of News  24