बेला
औरैया जनपद के बेला क्षेत्र अंतर्गत बेलपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के बेला क्षेत्र अंतर्गत बेलपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। गांव की गलियों में जलभराव और बजबजाती नालियों की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एकत्रित होकर ग्राम प्रधान और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गलियों में जलभराव होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोज इसी गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाली निर्माण न होने के कारण नालियां चोक हैं और पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे गांव में संक्रमण और गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार विकास कार्य हेतु निधि आने के बावजूद गांव की बुनियादी जरूरतों जैसे सड़क और नाली निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया।
कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे गांव वालों में भारी रोष व्याप्त है।
नाराज ग्रामीणों ने एक स्वर में मांग उठाई है कि अविलंब गली और नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए ताकि उन्हें इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय युवा मौजूद रहे, जिन्होंने शासन-प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर जांच की मांग की है।
सिद्धार्थनगर: प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पिटाई पर भड़के परिजन, अध्यापिका पर लगा गंभीर आरोप
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 8, 2026























