विधूना (औरैया)
औरैया जनपद के बिधूना में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलें काफी प्रभावित हो गई हैं। करीब 20 मिनट तक गिरे ओले ने गेहूं की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

रविवार की दोपहर औरैया जनपद में बिधूना विकास खंड क्षेत्र के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। खेतों में ओलावृष्टि से सफेद चादर बिछी हुई नजर आई। तेज हवाओं से फसलों को काफी नुक़सान पहुंचा है।
बिधूना क्षेत्र में हुई इस ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। कई खेतों में गेहूं की पकी फसल जमीन पर गिर गईं। क्षेत्र के मऊ गूरा स्थित देवघट बाबा मंदिर के आसपास काफी ज्यादा और बड़े बड़े ओले गिरे। फसलों के भीगने से उनकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे बाजार में अच्छे दाम मिलने की उम्मीद कम हो गई है।

किसानों ने बताया कि उन्होंने इन फसलों को उगाने में काफी मेहनत की थी। अब कटाई के समय हुए नुकसान से बच्चों की पढ़ाई, शादी और कर्ज चुकाने की उनकी उम्मीदें प्रभावित हुई हैं। कई जगहों पर ओलों के कारण फसलें चटक गईं या पूरी तरह बिछ गईं।
किसान बोले-बाजार में कम मिलेंगे भाव
किसान नरेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि सबहद कटरा क्षेत्र में भीगी फसल के सड़ने का खतरा है, जिससे बाजार में उसके भाव कम मिलेंगे। किसान अमर सिंह भदौरिया का कहना है कि सरकारी राहत पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुआवजे की प्रक्रिया जटिल है और सर्वे में देरी होती है।किसान संजय सिंह ने बताया कि कई बार घोषणाएं केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं। किसान सतेंद्र सिंह के अनुसार गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह से गिर गई है और ओलावृष्टि से उसके दानों को भी नुकसान हुआ है। किसान किसान बृजेश राजपूत ने बताया कि काफी देर तक बड़े बड़े ओले गिरे जिसे खेतों में खड़ी फसलों को भरी नुकसान है।
20 मिनट तक गिरे ओले
बिधूना क्षेत्र में दोपहर में तेज हवा के साथ भारी बारिश और छोटे-बड़े ओले लगभग 20 मिनट तक गिरे। यह नुकसान उन किसानों के लिए विशेष रूप से गंभीर है, जो रबी फसल की कटाई के अंतिम चरण में थे।
औरैया : लहलहाती फसलों में झलक रही थी किसानों की कड़ी मेहनत,आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मेहनत पर फेरा पानी, किसान बेहद ही परेशान
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 5, 2026























