बलिया :स्कूल चलो अभियान का भव्य आगाज, मंत्री दयाशंकर सिंह ने बच्चों संग चखा मिड-डे मील

बलिया

बलिया जनपद के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में स्कूल चलो अभियान के तहत शिक्षा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में स्कूल चलो अभियान के तहत शिक्षा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंत्री जी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा, हमारा लक्ष्य है कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलने वाला यह अभियान घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल से जोड़ने का काम करेगा।” उन्होंने बताया कि सरकार बच्चों को मुफ्त किताबें, ड्रेस, जूते-मोजे और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रही है।

विकास की राह पर बलिया: मेडिकल कॉलेज से स्टेडियम तक की सौगात
मंत्री ने बलिया में चल रहे विकास कार्यों का खाका खींचते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं

मेडिकल कॉलेज: 477 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया जारी है।

नई जेल: नारायण पाली में 63 एकड़ (100 बीघा से अधिक) जमीन पर नई जेल का निर्माण होगा।

परिवहन व खेल: शहर में 100 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक रोडवेज बस अड्डा और 100 करोड़ से स्पोर्ट्स स्टेडियम को स्वीकृति मिली है।

बुनियादी ढांचा: जाम से मुक्ति के लिए नए बाईपास और सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर है।

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रोटोकॉल तोड़कर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील का स्वाद चखा। उन्होंने स्वयं भोजन की गुणवत्ता परखी और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रेरणादायी संदेश भी पढ़ा गया। मंत्री ने शिक्षकों को समाज का आधार स्तंभ बताते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ-साथ आसपास के अन्य बच्चों को भी स्कूल भेजने में सहयोग करें। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस भव्य आयोजन में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24