औरैया: प्रोजेक्ट नई किरण से संवरे 9 परिवार, महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में हुआ सुखद मिलन

औरैया

औरैया जनपद में बिखरते परिवारों को जोड़ने और आपसी कलह को दूर करने के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट नई किरण रविवार को एक बार फिर उम्मीद की किरण बनकर सामने आया।।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद में बिखरते परिवारों को जोड़ने और आपसी कलह को दूर करने के उद्देश्य से संचालित प्रोजेक्ट नई किरण रविवार को एक बार फिर उम्मीद की किरण बनकर सामने आया। पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार महिला थाना ककोर में आयोजित इस कार्यक्रम में कई टूटते परिवारों को फिर से एक सूत्र में पिरोया गया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में आयोजित इस काउंसलिंग सत्र में कुल 45 फाइलों पर विचार किया गया। इन मामलों में पति-पत्नी और परिजनों के बीच वैचारिक मतभेद और आपसी विवाद के कारण परिवार टूटने की कगार पर पहुँच चुके थे।

काउंसलिंग के दौरान पुलिस टीम और प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्यों ने दोनों पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना। गहन विचार-विमर्श और समझाने-बुझाने के बाद 09 परिवारों के बीच कड़वाहट दूर हुई। जो पति-पत्नी पिछले काफी समय से अलग रह रहे थे और साथ रहने को राजी नहीं थे, वे आपसी गिले-शिकवे भुलाकर पुनः एक साथ रहने को तैयार हो गए।

सफल काउंसलिंग के बाद इन 9 जोड़ों को महिला थाने से हंसी-खुशी विदा किया गया। परिजनों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का मुख्य लक्ष्य कानूनी कार्यवाही से पहले आपसी संवाद के जरिए घरों को उजड़ने से बचाना है।

इस आयोजन के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सम्मानित सदस्य और महिला थाने की पुलिस टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही। पुलिस प्रशासन की इस मुहिम से अब तक जिले के सैकड़ों परिवारों को नई जिंदगी मिल चुकी है।

 

Voice Of News 24