प्रधानमंत्री मोदी आज कानपुर में, शहीद शुभम के परिवार से मिलेंगे और 47,573 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

कानपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात करेंगे।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात करेंगे। यह भेंट दोपहर 2:20 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर होगी, जहाँ पीएम शुभम की माँ सीमा, पिता संजय और पत्नी एशान्या से लगभग 10 मिनट तक बातचीत करेंगे। गौरतलब है कि शुभम द्विवेदी उस आतंकी हमले में शहीद हुए थे जिसमें कुल 26 लोगों की जान गई थी। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शुभम के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं।

शहीद परिवार से मुलाकात के बाद, प्रधानमंत्री मोदी कानपुर और उत्तर प्रदेश को 47,573 करोड़ रुपये की 15 प्रमुख विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में मेट्रो, बिजली उत्पादन, जलशोधन, अग्निशमन और सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।

प्रधानमंत्री कानपुर मेट्रो के नए भूमिगत सेक्शन का भी उद्घाटन करेंगे, जो चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक फैला होगा। इस रूट पर 5 नए स्टेशन – चुन्नीगंज, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, नयागंज और कानपुर सेंट्रल – बनाए गए हैं, जो शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों को सीधे मेट्रो से जोड़ेंगे।

यह दौरा कानपुर को एक स्मार्ट और औद्योगिक शहर के रूप में पुनर्विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने कानपुर मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन किया था, और अब यह दूसरा चरण शहरवासियों के लिए एक नई सौगात लेकर आ रहा है। इन विकास परियोजनाओं से कानपुर शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Voice Of News 24