लखनऊ
लखनऊ जनपद के विद्यालय निरीक्षक लखनऊ राकेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ, गोसाईगंज में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैम्प बच्चों के लिए रचनात्मकता की पाठशाला साबित हो रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

लखनऊ जनपद के विद्यालय निरीक्षक लखनऊ राकेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ, गोसाईगंज में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैम्प बच्चों के लिए रचनात्मकता की पाठशाला साबित हो रहा है। 21 मई से 10 जून तक चलने वाले इस शिविर के तीसरे दिन छात्रों ने विभिन्न कलात्मक गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कैम्प की शुरुआत योगाभ्यास, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार से हुई, जिससे विद्यार्थियों ने शारीरिक और मानसिक ताजगी का अनुभव किया। इसके बाद छात्रों ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर आकर्षक रंगोली बनाई। प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा और शिक्षिका अर्चना के निर्देशन में बच्चों ने मिट्टी कला की बारीकियां सीखीं।
इस दौरान छात्रा पायल ने मिट्टी से गणेश, मूषक और शिवलिंग जैसी सुंदर आकृतियाँ बनाईं, जबकि लक्ष्मी, महक और जन्नत ने मिलकर एक खूबसूरत फूलदान तैयार किया। लड़कों ने भी बढ़-चढ़कर रसोई के उपयोगी बर्तन बनाए। छात्र रितेश ने मिट्टी का ‘आईफोन’ मॉडल बनाया, तो आर्यन कश्यप ने की-पैड वाला मोबाइल फोन तैयार किया।

अवंतिका, जन्नत, महक और लक्ष्मी जैसी छात्राओं के समूह ने रंगोली के माध्यम से बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का प्रभावशाली संदेश दिया।
प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा ने समर कैम्प के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण और सहयोग की भावना विकसित करना है, जो कि सफलतापूर्वक प्राप्त होता दिख रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चे सीखने के साथ-साथ आनंद भी ले रहे हैं और अपनी प्रतिभा को खुलकर व्यक्त कर रहे हैं। कुसुम वर्मा ने यह भी कहा कि जो बच्चे पहले बोलने में संकोच करते थे, वे भी अब खुलकर बातचीत कर रहे हैं।
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 23, 2025























