सिद्धार्थनगर:दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत,पसरा मातम

मृतक मोहम्मद सलीम फाइल फोटो

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के टिकुइया चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के टिकुइया चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गोल्हौरा थाना क्षेत्र के कड़जहवा ग्रांट गांव निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि मोहम्मद सलीम कुछ ही दिन पहले मुंबई से अपने घर लौटा था। शनिवार को वह गौरा-नेपाल स्थित अपनी ससुराल गया था और रविवार को अपनी पत्नी और बेटी से मिलकर वापस घर आ रहा था।

टिकुइया चौराहे के समीप उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में सलीम को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर के बाद दूसरा बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बाइक और शव को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

गोल्हौरा के थानाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। इस दुखद घटना से मृतक के गांव में शोक का माहौल है।

 


Voice Of News 24