मेरठ रेंज: जानलेवा हमले के फरार आरोपी सोनू बाजौता पर बढ़ा इनाम, डीआईजी ने घोषित की 50 हजार रुपये की राशि

मेरठ/बुलंदशहर

उत्तर प्रदेश में अपराधियों और फरार वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी पर इनाम की राशि दोगुनी कर दी है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश में अपराधियों और फरार वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी पर इनाम की राशि दोगुनी कर दी है। डीआईजी मेरठ रेंज द्वारा अब आरोपी पर 50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है, जो पहले 25 हजार रुपये निर्धारित थी।

यह मामला बुलंदशहर जनपद के ककोड़ थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

ककोड़ में दिनदहाड़े की थी फायरिंग

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 15 मई को कस्बा ककोड़ में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस वारदात में थाना क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू को निशाना बनाते हुए उन पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं। इस जानलेवा हमले में जीतू बाल-बाल बचे थे।

पीड़ित जीतू की तहरीर के आधार पर ककोड़ थाना पुलिस ने नामजद आरोपी अमित जाट समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मुख्य आरोपी समेत 7 जा चुके हैं जेल, एक अभी भी फरार

पुलिस इस सनसनीखेज मामले में अब तक बड़ी कार्रवाई कर चुकी है:

नामजद मुख्य आरोपी अमित जाट और उसके दो अन्य साथी वारदात के बाद पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।

विवेचना और जांच के दौरान प्रकाश में आए चार अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इस पूरे मामले में अब तक कुल 7 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, लेकिन सोनू उर्फ प्रमोद (निवासी: ग्राम बाजौता, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़) पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा है।

फरारी के चलते डीआईजी ने बढ़ाई इनाम राशि

शातिर आरोपी सोनू उर्फ प्रमोद की गिरफ्तारी न होने पर बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने पहले उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की लगातार फरारी और पुलिस की पकड़ से दूर होने के चलते रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी गई थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए डीआईजी मेरठ रेंज ने आरोपी सोनू बाजौता पर घोषित इनाम की राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। पुलिस और स्वाट टीम की कई कड़ियां संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.