महराजगंज
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक उद्योग चौराहे पर मंगलवार को सरेराह हाई-वोल्टेज ड्रामा और खूनी संघर्ष देखने को मिला। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक उद्योग चौराहे पर मंगलवार को सरेराह हाई-वोल्टेज ड्रामा और खूनी संघर्ष देखने को मिला। यहाँ एक युवती को सोशल मीडिया पर मैसेज भेजने के विवाद को लेकर दो पक्षों के युवक बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और बेल्ट चलने लगे, जिससे चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में तीन अभियुक्तों का चालान कर जेल भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर मैसेज भेजने को लेकर भड़का था विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, इस पूरे फसाद की जड़ सोशल मीडिया का एक मैसेज था। आरोप है कि एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक की गर्लफ्रेंड को सोशल मीडिया के माध्यम से कोई मैसेज भेज दिया था। इस बात की जानकारी जब दूसरे पक्ष को हुई, तो दोनों पक्षों के युवक बात करने के बहाने उद्योग चौराहे पर इकट्ठा हुए।
चौराहे पर पहले तो दोनों पक्षों में तीखी बहस और गाली-गलौज हुई, लेकिन देखते ही देखते गुस्सा इस कदर भड़का कि युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट और हंगामे के कारण चौराहे पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई । स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस ने आधा दर्जन को दबोचा, 3 शातिरों का हुआ चालान
जानलेवा हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची और बीच सड़क पर लड़ रहे युवकों को खदेड़कर शांत कराया। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए घटनास्थल से करीब आधा दर्जन (6) हुड़दंगी युवकों को हिरासत में लिया और गाड़ी में लादकर सीधे कोतवाली ले आई।
महराजगंज थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उद्योग चौराहे पर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में हिरासत में लिए गए युवकों से गहन पूछताछ की गई। इसके बाद मुख्य रूप से उपद्रव करने वाले तीन अभियुक्तों के खिलाफ कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने की आशंका के तहत धारा 151के अंतर्गत वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उनका न्यायालय के लिए चालान कर दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य युवकों को सख्त चेतावनी और दोबारा ऐसा न करने का मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया।
पुलिस ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और आम जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस घटना को लेकर पूरे शहर और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म है कि किस तरह युवाओं के निजी विवाद अब सड़कों पर हिंसक रूप अख्तियार करने लगे हैं।
महराजगंज जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक उद्योग चौराहे पर मंगलवार को सरेराह हाई-वोल्टेज ड्रामा और खूनी संघर्ष देखने को मिला। यहाँ एक युवती को सोशल मीडिया पर मैसेज भेजने के विवाद को लेकर दो पक्षों के युवक बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए।वीडियो वायरल pic.twitter.com/2pztmhtrt4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 23, 2026













