महराजगंज: BJP के नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी का बृजमनगंज में भव्य स्वागत, 2027 में सभी 5 सीटें जीतने का दिया मंत्र

बृजमनगंज (महराजगंज)

भारतीय जनता पार्टी महराजगंज के नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी के प्रथम बार बृजमनगंज आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।


भारतीय जनता पार्टी महराजगंज के नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी के प्रथम बार बृजमनगंज आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। फरेंदा विधानसभा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व और आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के अध्यक्ष राकेश जायसवाल की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

फूल-मालाओं और नारों से गूंजा कस्बा, पहुंचे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में

कस्बे में जिला प्रभारी के पहुंचते ही पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह एवं चेयरमैन राकेश जायसवाल ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पहार पहनाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं की बारिश और गगनभेदी नारों के साथ पूरे माहौल को पूरी तरह भाजपामय बना दिया। स्वागत समारोह के उपरांत जिला प्रभारी बृजमनगंज ब्लॉक परिसर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

बूथ स्तर को बनाएं अभेद्य, 2027 में पांचों सीटों पर खिलेगा कमल” : नरेंद्र मणि त्रिपाठी

बैठक के दौरान नवनियुक्त जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए उन्होंने कहा कि बृजमनगंज सदैव से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और यहां के कार्यकर्ताओं का समर्पण अद्वितीय है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का मूलमंत्र देते हुए आह्वान किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से मैदान में उतर जाएं। उन्होंने जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने का संकल्प दिलाया।

कर्मठ नेतृत्व से संगठन में नई ऊर्जा का संचार

पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि संगठन ने एक अनुभवी, जुझारू और कर्मठ व्यक्तित्व को जिले की कमान सौंपी है, जिससे महराजगंज में भाजपा संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। वहीं चेयरमैन राकेश जायसवाल ने कहा कि जिला प्रभारी का बृजमनगंज आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का क्षण है और सभी कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को शीर्ष पर पहुंचाएंगे।

प्रमुख जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर बीडीओ राजकुमार, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, ब्लॉक प्रमुख उदयराज, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिश्चंद्र सोनकर, नौतनवा से भाजपा प्रत्याशी रहे समीर त्रिपाठी, वरिष्ठ पदाधिकारी मधु सिंह, सभासद जेपी गौड़, मनोज जायसवाल, झिनक विश्वकर्मा, काजू कन्नौजिया, राजन चौरसिया, आशीष जायसवाल, अनिल मणि, सनी रैना सहित मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और सैकड़ों की संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Voice Of News 24

 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.