हापुड़
हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेतावाली मड़ैया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रेतावाली मड़ैया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की सुबह गांव के समीप जंगल में एक पेड़ से विवाहिता का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दो वर्ष पूर्व हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरोहा जनपद के थाना हसनपुर क्षेत्र के ग्राम हतिया खेड़ा निवासी कलुवा की पुत्री प्रियंका की शादी करीब दो वर्ष पूर्व गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम रेतावाली मड़ैया निवासी मनवीर सिंह के साथ हुई थी।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की तरफ गए, तो उन्होंने प्रियंका का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, मायके पक्ष का हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक (Forensic) विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता की मौत की खबर सुनते ही अमरोहा से उसके मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन व हंगामा किया।
₹1 लाख नगद और दो भैंस की मांग का आरोप
मृतका के पिता और परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में 5 लाख रुपये से अधिक का दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग प्रियंका को प्रताड़ित करते थे और वे लगातार 1 लाख रुपये नगद तथा 2 भैंस की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर प्रियंका की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया गया है।
गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के अनुसार, मायके पक्ष की शिकायत पर सुसंगत धाराओं में दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी (पति) मनवीर सिंह को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विधिक जांच जारी है।
धन उगाही के लिए बन गए “कलमकार”? UP गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत पत्रकार शिवम पाण्डेय के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई शुरू pic.twitter.com/EtpilWYwWb
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 16, 2026












