महराजगंज
महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशन सहानी की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त आयुष वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सिंहपुर गांव निवासी दोनों दोस्त आयुष का जन्मदिन मनाने के बाद रोहिन बैराज घूमने के लिए बाइक से निकले थे।
रास्ते में रतनपुर मोतीपुर मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन सहानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष वर्मा को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी रतनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जिस दिन जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी दिन पूरे गांव में मातम छा गया। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है।












