बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के ककोड़ बिजली लाइन पर कार्य के दौरान एक संविदाकर्मी की अचानक मौत हो जाने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वॉइस ऑफ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के ककोड़ बिजली लाइन पर कार्य के दौरान एक संविदाकर्मी की अचानक मौत हो जाने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सिकंदराबाद रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार गांव भौंरा निवासी 32 वर्षीय अमित भाटी, पुत्र जसवंत सिंह, पावर कॉरपोरेशन में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत थे। परिजनों का कहना है कि शनिवार दोपहर वह गांव में बिजली के पोल पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी, वह पोल से नीचे गिर पड़े और उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हृदयगति रुकना बताया जा रहा है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पावर कॉरपोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सिकंदराबाद रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
मौके पर पहुंचे सिकंदराबाद बिजलीघर के एसडीओ प्रवीण कुमार को भी ग्रामीणों ने अपने बीच बैठा लिया। बाद में एसडीएम दिनेश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान सीओ दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और वृद्ध विधवा मां को छोड़ गए हैं। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। मृतक के भाई भूपेंद्र कुमार ने पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को पत्र देकर आर्थिक सहायता की मांग की है।












