लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित यूपी-टीईटी 2026 की परीक्षा पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वॉइस ऑफ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित यूपी-टीईटी 2026 की परीक्षा शुक्रवार को जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।
जिले में कुल 5,161 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 4,746 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 415 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक, एडीएम, एएसपी, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गुरुनानक इंटर कॉलेज, युवराज दत्त महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक सेवानिवृत्त आईएएस राम केवल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आयोग के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी 15 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।












