संभल: दुकान से सामान लेकर लौट रहे 11 वर्षीय मासूम पर गिरा मकान का जर्जर छज्जा, दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम

संभल

संभल जनपद के कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के नदरौली गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा और बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक 11 वर्षीय मासूम बालक पर मकान का जर्जर छज्जा भरभराकर गिर गया, पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संभल जनपद के कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के नदरौली गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा और बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक 11 वर्षीय मासूम बालक पर मकान का जर्जर छज्जा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से मासूम के परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया है, जिससे पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

सामान लेकर घर लौट रहा था मासूम, बंदर के कूदने से गिरा छज्जा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदरौली गांव निवासी कौशल कुमार (11) पुत्र स्वर्गीय नीरज कुमार सुबह अपने घर से करीब सौ मीटर दूर स्थित एक परचूनी की दुकान से घरेलू सामान खरीदने गया था। वह सामान लेकर वापस अपने घर लौट ही रहा था कि रास्ते में गांव के ही विजेंद्र के मकान का छज्जा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया और कौशल उसके मलबे के नीचे दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से ठीक पहले एक बंदर छत से दूसरी छत पर कूदा था, जिसके कंपन के कारण यह कमजोर व जर्जर हो चुका छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में मलबे को हटाकर गंभीर रूप से घायल कौशल को बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मकान का छज्जा गिरने से बालक की मौत हुई है। हालांकि, परिजनों ने इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।

10 वर्ष पहले उठ चुका था पिता का साया, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक कौशल के पिता का करीब 10 वर्ष पूर्व ही देहांत हो गया था। पिता के साए के बिना मां सविता बेहद तंगहाली में मेहनत-मजदूरी कर अपने बेटे कौशल और बेटी प्रिया का पालन-पोषण कर रही थीं। घर के इकलौते बेटे की इस तरह असमय और दर्दनाक मौत से मां सविता और बहन प्रिया पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.