कानपुर: बर्रा में 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा; ऑटो मरम्मत के पैसे न मिलने पर नशे की हालत में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, कूदने की दी धमकी

कानपुर

कानपुर जनपद के बर्रा थाना क्षेत्र के जरौली-फेस वन इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक नशे की हालत में क्षेत्र की पानी की टंकी पर चढ़ गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

कानपुर जनपद के बर्रा थाना क्षेत्र के जरौली-फेस वन इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक नशे की हालत में क्षेत्र की पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक लगातार अपने ऑटो की मरम्मत का खर्च दिलाए जाने की मांग पर अड़ा रहा और मांग पूरी न होने पर टंकी से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए लाउडस्पीकर से युवक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतारा।

किराएदार चालक की मनमानी से परेशान था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरौली-फेस वन के निवासी चंद्रकांत दुबे का बेटा जितेंद्र ऑटो चलवाता है। चंद्रकांत दुबे ने बताया कि कुछ दिन पहले जितेंद्र ने पिपौरी गांव के रहने वाले मन्नू सविता उर्फ केला नाम के युवक को किराए पर ऑटो चलाने के लिए दिया था।

आरोप है कि 23 मई को ऑटो में कुछ खराबी आ गई, जिसके बाद मन्नू ऑटो को रास्ते में ही खड़ा करके चला गया और गाड़ी की चाबी भी अपने पास रख ली। बाद में जब जितेंद्र ने उससे अपनी चाबी मांगी, तो मन्नू ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। परिजनों के कड़े विरोध के बाद आरोपी ने चाबी तो लौटा दी, लेकिन ऑटो का बकाया किराया और मरम्मत में होने वाला खर्च देने से साफ इंकार कर दिया।

गैराज में गाड़ी खड़ी कर सीधे टंकी पर जा चढ़ा जितेंद्र

मंगलवार सुबह जितेंद्र विजय नगर स्थित एक गैराज में खराब ऑटो को ठीक कराने के लिए खड़ा करने गया। वहां से लौटने के बाद वह अत्यधिक मानसिक तनाव और नशे की हालत में इलाके की पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी के ऊपर से वह लगातार चिल्लाकर ऑटो चालक मन्नू को मौके पर बुलाने और उससे मरम्मत का पैसा दिलाने की मांग करने लगा। युवक को पानी की टंकी पर चढ़ा देख धरातल पर सैकड़ों स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

लाउडस्पीकर से पुलिस ने की टॉक, मरम्मत का खर्च दिलाने का दिया भरोसा

सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने लाउडस्पीकर का सहारा लिया और उससे लगातार बातचीत शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाकर और पुलिस अधिकारियों द्वारा ऑटो की मरम्मत का पूरा खर्च दिलाने का भरोसा दिए जाने के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतरने को राजी हुआ।

युवक के सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस, परिजनों और वहां मौजूद आम जनता ने राहत की सांस ली। पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर युवक को इलाज और पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई।

इस पूरे घटनाक्रम पर बर्रा थानाप्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक को पूरी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला ऑटो चालक और मालिक के बीच लेनदेन और विवाद का है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी मन्नू सविता के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण को गहराई से समझा जा रहा है, जांच के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Voice Of News 24 

 

 

 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.