सिद्धार्थनगर : राष्ट्रीय राजमार्ग पर लुटेरों का तांडव, बाइक सवार बदमाशों ने छीना महिला के गले से सोने का लाॅकेट

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर महिला से झपटमारी, बाइक सवार बदमाशों ने सोने का लॉकेट छीना। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जनपद सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम एक महिला से झपटमारी की घटना सामने आयी है।

वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 संवाददाता के मुताबिक, बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश मुंह बांधकर आये और महिला के गले से सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम सेमरियावां निवासी उर्मिला पत्नी विजय कुमार 27 अप्रैल की शाम पैदल घर जा रही थीं। वह कंचनपुर-चिल्हियां मार्ग पर कचिया चौराहा के पास पहुंची ही थीं, कि पीछे से आये मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने अचानक झपट्टा मार दिया। बदमाशों ने महिला के गले से सोने का लॉकेट तोड़ लिया और तेज रफ्तार से धनगढ़ा की ओर भाग निकले। घटना के समय महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। वारदात मुख्य सड़क पर होने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

इस मामले में चिल्हियां थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जायेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने हाई-वे पर बढ़ती झपटमारी की घटनाओं को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Voice Of News 24