बलिया: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने कसी कमर,अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

बलिया

बलिया जनपद में आगामी 09 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन हेतु मंगलवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद में आगामी 09 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन हेतु मंगलवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की।

बैठक में सचिव ने प्रशासनिक अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों के साथ लोक अदालत की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। नगर मजिस्ट्रेट श्री आशाराम वर्मा को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्राधिकार से संबंधित अधिक से अधिक वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराएं। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान को न्यायालयों एवं बैंकों द्वारा जारी नोटिस और सम्मनों की शत-प्रतिशत तामील कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सचिव ने बैठक में मौजूद विभिन्न बैंक प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे एनपीए (NPA) खातों से संबंधित नोटिस तत्काल प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक उपस्थित रहे। हालांकि, इंडियन बैंक, यूको बैंक और केनरा बैंक के प्रबंधकों के अनुपस्थित रहने पर सचिव ने गहरा असंतोष व्यक्त किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी विभागों से अपील की है कि स्थानीय स्तर पर लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। लोगों को यह समझाने का प्रयास किया जाए कि सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निस्तारण न केवल समय बचाता है, बल्कि कानूनी पेचीदगियों से भी मुक्ति दिलाता है।

 

Voice Of News 24