बड़ौत: शोएब हत्याकांड का मुख्य आरोपी इरफान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, गोली लगने से सिपाही और बदमाश घायल

बड़ौत

बागपत बड़का रोड पर मामूली विवाद में हुई शोएब की नृशंस हत्या के मामले में बड़ौत पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी सफलता हासिल की है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत बड़का रोड पर मामूली विवाद में हुई शोएब की नृशंस हत्या के मामले में बड़ौत पुलिस ने मंगलवार तड़के बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी इरफान को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

तड़के 4 बजे हुई मुठभेड़

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश में जुटी बड़ौत पुलिस मंगलवार सुबह करीब 4 बजे डौला रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी इरफान को घेरा, तो उसने खुद को बचाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी की गोली कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह के बाएं हाथ में लगी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी इरफान के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।

मामूली विवाद ने लिया था खूनी मोड़

यह पूरा मामला सोमवार सुबह बड़ौत के बड़का रोड पर शुरू हुआ था। रविवार रात बकरी बांधने को लेकर इरफान और पड़ोसी आस मोहम्मद के परिवार के बीच विवाद हुआ था। हालांकि ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन सोमवार सुबह फिर से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इरफान और उसके साथियों ने 23 वर्षीय शोएब पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और ईंटों से हमला कर दिया, जिससे शोएब की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में शोएब के भाई सुहैल, फरमान और बहन फराह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अवैध असलहा बरामद, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी इरफान के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल कांस्टेबल और आरोपी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक बागपत ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर इरफान सहित पांच लोगों (दिलशाद, रिहान, रोहन और इसराना) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी पकड़ा जा चुका है, जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

 

Voice Of News 24