सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, 4 शिक्षकों का वेतन कटा, एमडीएम भी मिला बंद

मिठवल

सिद्धार्थनगर जनपद में विकास खंड मिठवल के प्राथमिक विद्यालय असनहरा में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. अचानक निरीक्षण करने पहुँच गए।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में विकास खंड मिठवल के प्राथमिक विद्यालय असनहरा में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. अचानक निरीक्षण करने पहुँच गए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में भारी अव्यवस्था, गंदगी और शिक्षकों की अनुपस्थिति देख जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जाहिर की और चार जिम्मेदारों का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।

बिना सूचना गायब मिले प्रधानाध्यापक और शिक्षा मित्र

डीएम के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक गणेश कुमार मिश्रा और शिक्षा मित्र विजय प्रताप बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से नदारद मिले। इसे घोर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने दोनों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं, सहायक अध्यापक विशाल कुमार श्रीवास्तव और ज्योत्सना तिवारी मिड डे मील व अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने में विफल रहे, जिसके चलते उन पर भी वेतन कटौती की गाज गिरी।

बंद मिला मिड डे मील, सफाई व्यवस्था भी बदहाल

जांच में सबसे गंभीर मामला मिड डे मील योजना का सामने आया, जो विद्यालय में पूरी तरह बंद मिला। इसके अलावा:

छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बेहद कम पाई गई।

बच्चे बिना यूनिफॉर्म के विद्यालय आए थे।

विद्यालय परिसर में पेयजल की किल्लत और चारों तरफ गंदगी का अंबार मिला।

जिलाधिकारी की कड़ी चेतावनी

जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को सख्त निर्देश दिए कि वे अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाएं और एमडीएम का संचालन तत्काल शुरू करें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भविष्य में यदि ऐसी खामियां दोबारा मिलीं, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था बहाल करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया।

 

Voice Of News 24