घुघली
महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी सिसवा चौराहे पर शनिवार शाम एक विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला अब पुलिस विभाग के गले की फांस बन गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी सिसवा चौराहे पर शनिवार शाम एक विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला अब पुलिस विभाग के गले की फांस बन गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
शराब के नशे में धुत युवक ने की मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे पकड़ी सिसवा चौराहे पर रामउग्रह नामक एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत होकर विकलांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। चौराहे पर सरेआम हो रही इस गुंडागर्दी से अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसकर्मी से भी उलझा आरोपी
सूचना मिलते ही मौके पर हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह पहुँचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि आरोपी रामउग्रह इस दौरान पुलिसकर्मी से भी उलझ गया और अभद्रता करने लगा। पुलिस ने कड़ाई बरतते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और थाने ले आई। पीड़ित भकोल शर्मा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वायरल वीडियो ने बदला मामला, हेड कांस्टेबल सस्पेंड
घटना के दौरान किसी ने पूरी कार्रवाई का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह का व्यवहार मर्यादित नहीं दिखा, जिसे लेकर आमजन में आक्रोश फैल गया। मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आते ही उन्होंने अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार के आरोप में हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच के आदेश
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा के खिलाफ काम करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि घटना की सच्चाई और पुलिस की कार्यप्रणाली को स्पष्ट किया जा सके।
खुर्जा हत्याकांड: पुलिस और स्वाट टीम के साथ मुठभेड़, पैर में गोली लगने से मुख्य आरोपी मयंक ढेर,अस्पताल में भर्तीhttps://t.co/i1885c6G3N
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 27, 2026






















