महराजगंज: टेलीग्राम पर ‘पैसा डबल’ करने का झांसा देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज जनपद की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को कम समय में पैसा दोगुना-तिगुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना सहित पांच शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है।

7 लाख की ठगी से खुला राज

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर ‘प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट’ अभियान के तहत साइबर थाना और निचलौल पुलिस ने यह संयुक्त कार्रवाई की। जांच की शुरुआत तब हुई जब आगरा के एक व्यक्ति से इसी गिरोह द्वारा 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। गिरोह के सदस्य टेलीग्राम ग्रुप्स पर लुभावने निवेश प्रस्ताव भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

कमीशन का लालच देकर लेते थे बैंक खाते

गिरफ्तार मुख्य सरगना रवि प्रताप सिंह ने पूछताछ में बताया कि वह स्थानीय लोगों और जनसेवा केंद्र संचालकों को झांसा देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था।

मोडस ऑपरेंडी: खाताधारकों को हर ट्रांजैक्शन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया जाता था।गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए भी बैंकों में खाते खुलवाता था। ठगी की रकम इन खातों में मंगवाकर एटीएम और चेक के जरिए तुरंत निकाल ली जाती थी।

बरामदगी और नेटवर्क

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है:

7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 7 एटीएम कार्ड।

4 आधार कार्ड (एक फर्जी सहित), 2 पैन कार्ड और 3 क्रेडिट कार्ड।

2 पासबुक और घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन।

यह गिरोह पिछले 8 महीनों से सक्रिय था और अब तक दर्जनों लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस अब फरार 4 अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।

एसपी की अपील,लालच से बचें

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ‘क्विक मनी’ या भारी मुनाफे के लालच में न आएं।

किसी भी अनजान टेलीग्राम या व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक न करें। अगर आपके साथ ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।

 

Voice Of News 24