महराजगंज: कमाकर घर लौटे शख्स की पिकअप की चपेट में आने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

महराजगंज

महराजगंज जनपद के फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान लेहड़ा ग्राम सभा के इनायत नगर टोला निवासी चंद्रजीत के रूप में हुई है। विडंबना यह है कि चंद्रजीत हादसे वाले दिन दोपहर में ही मुंबई के पनवेल से काम करके घर वापस लौटे थे।

 

जानकारी के अनुसार चंद्रजीत मंगलवार रात करीब 2 बजे किसी काम से बाहर गए थे और पैदल ही घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चंद्रजीत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को परिजनों ने स्थानीय पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी।

 

मृतक चंद्रजीत अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है क्योंकि वह महीनों बाद अपने परिवार से मिलने पनवेल से घर आए थे।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश के साथ-साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Voice Of News 24