सिद्धार्थनगर: 25 अप्रैल से शुरू होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा,जिलाधिकारी और एसपी ने परखी तैयारियां

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली ‘होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026’ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली ‘होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026’ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने मंगलवार को कैंप कार्यालय पर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

दो पालियों में होगी परीक्षा

बैठक के दौरान परीक्षा के समय की विस्तृत जानकारी दी गई। होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संचालित होगी:

प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।

द्वितीय पाली: अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक।

केंद्रों पर होगी स्मार्ट निगरानी

जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें।

तकनीकी सुरक्षा: सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर का सुचारू होना अनिवार्य है।

मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जाएगा।

लापरवाही बरतने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाई गई, तो उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुँचने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात के कड़े प्रबंध

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचते हुए बताया कि प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) भी सक्रिय रहेंगी।प्रशासन का लक्ष्य है कि अभ्यर्थी भयमुक्त वातावरण में परीक्षा दें और पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता के साथ संपन्न हो।

 

Voice Of News 24