लखीमपुर खीरी: भव्य बाइक रैली के साथ मनाई जाएगी बाबा साहब की 135वीं जयंती, भीम आर्मी और एएसपी की बड़ी तैयारी

लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ‘भीम आर्मी भारत एकता मिशन’ और ‘आजाद समाज पार्टी कांशीराम’ द्वारा जनपद में एक विशाल जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


लखीमपुर खीरी भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर ‘भीम आर्मी भारत एकता मिशन’ और ‘आजाद समाज पार्टी कांशीराम’ द्वारा जनपद में एक विशाल जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के जन्मोत्सव को “विश्व की सबसे बड़ी जयंती” के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।

ओरीपुरवा से ढखेरवा तक निकलेगी रैली

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया है। यह रैली ग्राम ओरीपुरवा से प्रारंभ होकर ढखेरवा चौराहा तक जाएगी। इस रैली का उद्देश्य बाबा साहब के संघर्षों और उनके संवैधानिक संदेशों को जन-जन तक पहुँचाना है।

सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में उत्साह

भीम आर्मी के संस्थापक और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह और प्रदेश संयोजक डॉ. कुलदीप कुमार भार्गव के आह्वान पर स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी जोश है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष रोशन जाटव और उपाध्यक्ष आर.के. जाटव के साथ जगतराम, संजय, तेजकरन, अनिल और सुशील जैसे युवा साथी दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं।

शिक्षा पर विशेष जोर

कार्यक्रम के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के उस संदेश को प्रमुखता से प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था— “तुम्हारे पैरों में चप्पल भले न हों, लेकिन हाथों में किताब जरूर होनी चाहिए।” संगठन ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि 14 अप्रैल को होने वाली इस ऐतिहासिक रैली में बड़ी संख्या में पहुँचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

 

Voice Of News 24