सिकंदराबाद
बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है। मामला नव्या भारत गैस एजेंसी (कोदू बचावली) का है, जहाँ भीषण गर्मी और गेहूं की कटाई के पीक सीजन में सैकड़ों उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
ग्राउंड जीरो पर हालात बेहद चिंताजनक हैं। गैस एजेंसी के बाहर महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और यहाँ तक कि छोटे बच्चे भी रात के 2 बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि दिनभर भूखे-प्यासे लाइन में खड़े रहने के बाद शाम को उन्हें ‘गैस खत्म हो गई’ का हवाला देकर वापस भेज दिया जाता है।
वर्तमान में खेतों में गेहूं की कटाई का काम जोरों पर है। कतार में खड़े किसानों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ फसल खराब होने का डर है और दूसरी तरफ घर में चूल्हा जलाने के लिए गैस उपलब्ध नहीं है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर सिलेंडर को ऊंचे दामों में ‘ब्लैक’ में बेचने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
हैरानी की बात यह है कि कई उपभोक्ताओं की बुकिंग तक नहीं हो पा रही है। कुछ पीड़ितों ने बताया कि रिकॉर्ड में उनकी गैस ‘डिलीवर’ (वितरित) दिखा दी गई है, जबकि हकीकत में उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं। जब वे इसकी शिकायत लेकर एजेंसी पहुंचते हैं, तो उन्हें अगले महीने आने की बात कहकर टरका दिया जाता है।
एजेंसी मैनेजर का पक्ष
भारी हंगामे और नोकझोंक के बीच एजेंसी के मैनेजर नवीन शर्मा ने अपनी सफाई में कहा कि कंपनी की ओर से ही गैस की सप्लाई में कमी आ रही है। उन्होंने बताया हमें मांग के मुकाबले पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। आज हमें मात्र 160 सिलेंडर प्राप्त हुए हैं। हम प्राथमिकता के आधार पर केवल उन लोगों को गैस दे रहे हैं जिन्होंने 5 अप्रैल से पहले बुकिंग कराई थी। समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है।”
फिलहाल भीषण गर्मी में घंटों कतार में खड़े उपभोक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है और उन्होंने शासन-प्रशासन से इस किल्लत को जल्द दूर करने की मांग की है।
महराजगंज: एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना कोतवाली फरेन्दा का किया गया आकस्मिक निरीक्षण , लापरवाही पर दरोगा निलंबितhttps://t.co/9ROThSCks0
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 13, 2026























