ठूठीबारी बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: कार से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, सोनौली का युवक गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सोमवार को 22वीं वाहिनी एसएसबी और कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सोमवार को 22वीं वाहिनी एसएसबी और कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद कर एक तस्कर को दबोचा है।

400 बोतल कफ सिरप और अर्टिगा कार बरामद

सीमा के मुख्य प्रवेश द्वार पर संदिग्ध वाहनों की तलाशी के दौरान एक मारुति अर्टिगा कार को रोका गया। वाहन की सघन जांच में एस्कोरिल/कोरेक्स श्रेणी की 400 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। मौके से पुलिस ने रेहान (18 वर्ष), निवासी सोनौली को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इन दवाओं को अवैध रूप से नेपाल तस्करी करने की योजना थी।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव के कुशल निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के बाद, कोतवाली पुलिस ने आरोपी रेहान के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21, 23 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। सहायक कमांडेंट ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा रहा है।

संयुक्त टीम की मुख्य भूमिका

इस सफल बरामदगी में एसएसबी की ओर से एसआई अजीत तालुकदार, सजल दास, सुजय राय और कोतवाली पुलिस की टीम से एसआई रमेश पुरी, आरक्षी निलेश पाण्डेय व बलवंत यादव की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग प्रक्रिया को और अधिक सख्त किया जाएगा।

 

Voice Of News 24