भंभरी गांव में आग का तांडव: झोपड़ी और फसल जलकर खाक, नकदी व जेवर समेत लाखों का नुकसान

बलरामपुर

बलरामपुर  जनपद के हरैया सतघरवा क्षेत्र अंतर्गत भंभरी गांव में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर  जनपद के हरैया सतघरवा क्षेत्र अंतर्गत भंभरी गांव में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई है। इस अग्निकांड में कई परिवारों की जीवनभर की कमाई, नकदी, जेवरात और खड़ी फसल जलकर राख हो गई।

ऐसे शुरू हुआ तबाही का मंजर

मिली जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत ग्रामीण राममिलन की झोपड़ी से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण लपटें पड़ोसी सीताराम के गौशाला और अयोध्या प्रसाद के खेतों तक पहुँच गईं। इस हादसे में राममिलन के घर में रखे 16 हजार रुपये नकद, कीमती जेवरात और पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई।

फसल और मवेशियों के ठिकानों को भारी क्षति

अग्निकांड की चपेट में आने से सीताराम का गौशाला पूरी तरह नष्ट हो गया। वहीं, अयोध्या प्रसाद की चार बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई और देवी प्रसाद की झोपड़ी को भी भारी नुकसान पहुँचा है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

प्रशासनिक तत्परता से टला बड़ा हादसा

ग्राम प्रधान विनय मिश्र ने तत्काल स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को अन्य रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

हल्का लेखपाल अमित कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया है। उन्होंने बताया कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।

 

Voice Of News 24