कोल्हुई: रील के चक्कर में रियल जान जोखिम में, बुजुर्ग का हैरतअंगेज बाइक स्टंट सोशल मीडिया पर वायरल

कोल्हुई

महराजगंज सोशल मीडिया पर फेमस होने का खुमार अब उम्र की सीमाएं लांघ चुका है। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में युवाओं के साथ-साथ अब बुजुर्गों में भी खतरनाक स्टंट कर रील बनाने का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज सोशल मीडिया पर फेमस होने का खुमार अब उम्र की सीमाएं लांघ चुका है। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में युवाओं के साथ-साथ अब बुजुर्गों में भी खतरनाक स्टंट कर रील बनाने का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। हाल ही में एक बुजुर्ग का बाइक पर जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ है, जिसने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के मोगलहा इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति चलती सड़क पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बाइक को खतरनाक अंदाज में संभालते हुए स्टंट करते दिख रहे हैं। सड़क पर खुलेआम किए जा रहे इस हैरतअंगेज करतब को देख वहां से गुजरने वाले लोग दंग रह गए।

सड़कों पर बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के इस तरह स्टंट करना ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन है। वायरल फेम की चाहत में किया गया यह स्टंट न केवल बुजुर्ग की अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की सुरक्षा को भी संकट में डाल रहा है। स्थानीय लोगों के बीच जहां एक ओर उनकी ‘हिम्मत’ की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर इस लापरवाही की कड़ी निंदा भी हो रही है।

जानकारों का मानना है कि ऐसे वीडियो समाज और खासकर युवाओं को गलत संदेश देते हैं। सोशल मीडिया की प्रतिस्पर्धा में लोग अपनी जिंदगी को महज एक रील समझ रहे हैं, जो किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकती है। इस तरह की बढ़ती लापरवाही बड़े सड़क हादसों को न्योता दे रही है।

वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी अपनी और दूसरों की जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ न कर सके।

 

 

Voice Of News 24