गोरखपुर: CM योगी ने किया अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, खिलाड़ियों के लिए किए बड़े ऐलान

गोरखपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने गृह जनपद गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) में आयोजित पाँच दिवसीय ‘पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता’ का भव्य शुभारंभ किया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने गृह जनपद गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) में आयोजित पाँच दिवसीय ‘पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि प्रदेश के शिक्षण संस्थानों को खेल विकास का नया मंत्र भी दिया।

14 राज्यों की 31 टीमें दिखा रही हैं दम

विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में देश के 14 राज्यों के 31 विश्वविद्यालयों की महिला बास्केटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की और मैदान पर जाकर महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल हमें टीम भावना और संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करते हैं।

खिलाड़ियों को सीधी नौकरी: 500 से अधिक नियुक्तियां

अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने बताया अब तक हमने उत्तर प्रदेश के अंदर 500 से अधिक खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और पदकों के आधार पर अलग-अलग सरकारी विभागों में सीधे नौकरी दी है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘पदक लाओ-पद पाओ’ नीति के तहत खिलाड़ियों को पुलिस और प्रशासन के राजपत्रित पदों पर नियुक्त कर उनका सम्मान बढ़ाया जा रहा है।

विश्वविद्यालयों को आह्वान: “एक खेल को लें गोद”

खेल संस्कृति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक नया विजन पेश किया। उन्होंने प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों से अपील करते हुए कहा मैं सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से आह्वान करता हूँ कि वे कम से कम एक खेल को गोद लेकर अच्छे खिलाड़ियों को तराशने का काम करें।

उन्होंने जोर दिया कि यदि विश्वविद्यालय एक विशिष्ट खेल की जिम्मेदारी लेंगे, तो वहां से निकलने वाले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ओलंपिक और विश्व चैंपियन बनकर देश का गौरव बढ़ाएंगे।

यूपी बनेगा खेल जगत का सिरमौर

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान को उत्तर प्रदेश नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। प्रदेश के हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर गांव में खेल के मैदान का निर्माण इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है।

Voice Of News 24