महराजगंज:भारी बारिश में भी नहीं डिगी आस्था: सिसवा बाजार में महिलाओं ने खींची मां दुर्गा की पालकी

महराजगंज

महराजगंज जनपद के नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में आज शनिवार को मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का आयोजन अटूट भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में आज शनिवार को मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का आयोजन अटूट भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जहाँ एक ओर मौसम ने रुक-रुक कर बारिश की झड़ी लगा रखी थी, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं के उत्साह और श्रद्धा में रत्ती भर भी कमी नहीं आई। भक्तों ने आस्था की ऐसी मिसाल पेश की कि बारिश की फुहारें भी उनकी श्रद्धा को डिगा नहीं सकीं।

महिलाओं ने पेश की मिसाल

करीब पाँच दर्जन से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं को नगर में बैंड-बाजों और जयकारों के साथ विसर्जन स्थल विजापार स्थित खेखड़ा नाले तक ले जाया गया। शोभायात्रा के दौरान कीचड़, फिसलन और तेज बारिश थी, लेकिन भक्तों ने इसकी परवाह किए बिना मां दुर्गा की पालकी को कंधों पर उठाया।

इस दौरान महिलाओं ने विशेष रूप से बढ़-चढ़कर भाग लिया और बारिश में भीगते हुए मां की डोली खींचकर अटूट आस्था का परिचय दिया।

जयकारों से गूंजा सिसवा बाजार

शोभायात्रा नगर के स्टेट चौक, गोपालनगर, स्टेशन रोड, श्याम मंदिर, फल मंडी और मस्जिदिया ढाला के रास्ते गुजरी। ‘जय माता दी’, ‘अम्बे गौरी की जय’ जैसे भक्ति गीत, ढोल-नगाड़े और नारों से सिसवा बाजार की गलियाँ गूंज उठीं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर कोई उत्सव में डूबा नजर आया।

भक्तों ने भजनों और आरतियों के माध्यम से मां को विदाई दी। लोगों की आँखों में मां के बिछड़ने की पीड़ा थी, लेकिन अगले वर्ष फिर आगमन की प्रतीक्षा ने माहौल को भावुकता और उल्लास से भर दिया।

प्रशासन रहा मुस्तैद

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। विसर्जन प्रक्रिया के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी स्वयं मौजूद रहे। कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज उमाकांत सरोज सहित डेढ़ दर्जन पीएसी और महिला कांस्टेबल समेत सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और साफ-सफाई की विशेष निगरानी की गई। नगर पालिका ने सफाई कर्मियों की टीम तैनात कर विसर्जन के तुरंत बाद इलाके की सफाई सुनिश्चित की।

अंत में, भक्तों ने जल में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन किया और “अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ इस भव्य आयोजन का समापन किया।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.