महराजगंज
महराजगंज जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज सेवायोजन, कौशल विकास और आईटीआई से संबंधित विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज सेवायोजन, कौशल विकास और आईटीआई से संबंधित विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जनपद के युवाओं के लिए बेहतर कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने हेतु परस्पर समन्वय और सहयोग पर विशेष जोर दिया।
मांग और आपूर्ति में तालमेल पर फोकस
बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रशिक्षण और प्लेसमेंट कार्यक्रमों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और उनका इंटर्नशिप विभिन्न सरकारी विभागों में कराया जाए।
प्रिंसिपल आईटीआई से जनपद के आईटीआई संस्थानों में संचालित प्रशिक्षण ट्रेडों के बारे में जानकारी ली गई। प्रिंसिपल आईटीआई ने बताया कि आईटीआई में मैकेनिक (रेफ्रिजरेशन व एयर कंडीशनिंग), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, कोपा, वेल्डर, टर्नर सहित कुल 12 कोर्स संचालित हैं। इस पर, जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्धारित करने से पहले जनपद के उद्यमियों से परामर्श किया जाए, ताकि कौशल की मांग और आपूर्ति के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जा सके।
गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और कैंपस प्लेसमेंट का निर्देश
जिलाधिकारी श्री शर्मा ने आईटीआई में आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट और सेवायोजन कार्यालय के साथ समन्वय कर नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित किए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से रोजगार मेलों में गीडा में स्थापित उद्यमों सहित आसपास के उद्यम समूहों को आमंत्रित करने और उनसे तालमेल बिठाकर कौशल प्राप्त युवाओं के लिए अधिक से अधिक प्लेसमेंट अवसर सृजित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े सभी विभाग मिलकर काम करें ताकि युवाओं को सर्वोत्तम अवसर मिल सकें।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, प्रिंसिपल आईटीआई श्री इशरत मसूद, सेवायोजन अधिकारी श्री ईशान प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#सिद्धार्थनगर: युवक की पिटाई का Video Viral, पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ाhttps://t.co/Lfh96NHL9N
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 16, 2025























