महराजगंज:निर्माणाधीन दीवार गिरने से नेत्र डॉक्टर की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल नगर के लोहिया नगर वार्ड में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक दुखद हादसा हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के निचलौल नगर के लोहिया नगर वार्ड में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक दुखद हादसा हुआ। यहां एक निर्माणाधीन भवन की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से भवन स्वामी डॉ. सूर्य विजय मौर्य की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।


डॉ. मौर्य, जो मूल रूप से ठूठीबारी कस्बे के रहने वाले थे और लोहिया नगर वार्ड में एक नेत्र अस्पताल चलाते थे, हाल ही में इसी वार्ड में एक नया भवन बनवा रहे थे। आज बुधवार सुबह वे निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया। भवन की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे पिता और पुत्र दब गए।

आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निचलौल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डॉ. सूर्य विजय मौर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे विकास का इलाज चल रहा है।

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉ. मौर्य के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Voice Of News 24