नौतनवां: अवैध अनाज भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, दो दुकानों पर 4.70 लाख का जुर्माना

महराजगंज

महराजगंज जनपद के नौतनवां तहसील क्षेत्र में गेहूं और धान के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसा है। । पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

महराजगंज जनपद के नौतनवां तहसील क्षेत्र में गेहूं और धान के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसा है। तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो दुकानों पर कुल 4.70 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

उपजिलाधिकारी नौतनवां नवीन कुमार ने बताया कि रविवार को बनरसिया कला गांव में बसंत कुमार की दुकान पर छापेमारी की गई थी। मंडी सचिव और विपणन निरीक्षक की टीम ने जांच में पाया कि दुकान में निर्धारित सीमा से अधिक गेहूं और चावल का भंडारण किया गया था। इस पर प्रशासन ने दुकान मालिक बसंत कुमार पर 1,95,107 रुपए का जुर्माना लगाया है।

इसी क्रम में, मंगलवार को ग्राम समरधीरा स्थित मेसर्स जायसवाल किराना स्टोर्स की जांच की गई। यहां भी नियमों का उल्लंघन करते हुए अधिक मात्रा में गेहूं और धान का भंडारण पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने मेसर्स जायसवाल किराना स्टोर्स पर 2,74,721 रुपए का जुर्माना लगाया है।

उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार खाद्यान्न का अवैध भंडारण करने वाले सभी दुकानदारों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

 

Voice Of News 24