बलिया

बलिया जनपद के नगर में मंगलवार को पारंपरिक एवं ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के नगर में मंगलवार को पारंपरिक एवं ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। दोपहर से लेकर देर शाम तक नगर की प्रमुख सड़कें और मकानों की छतें श्रद्धालुओं की भीड़ से अटी रहीं। डीजे व बैंड-बाजे की भक्तिमय धुनों पर युवा थिरकते नजर आए और पूरे क्षेत्र में बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे।
संयुक्त शोभायात्रा में दिखी अद्भुत छटा
शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर करीब 2:00 बजे मानस मंदिर रेलवे चौराहा से हुआ, जिसका आयोजन ‘श्री मानस मंदिर महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति’ द्वारा किया गया। जुलूस में सबसे आगे गगनचुंबी पताकाएं, घोड़े और ऊंटों का काफिला चल रहा था। इसी दौरान ‘श्रीश्री सार्वजनिक महावीरी झंडोत्सव पूजा यूनाइटेड क्लब’ की शोभायात्रा भी रेलवे चौराहा पहुंची, जिसके बाद दोनों जुलूस संयुक्त होकर नगर भ्रमण पर निकले।
झांकियों व पारंपरिक लोक कलाओं ने मोहा मन
जुलूस में लक्ष्मी नारायण, कैलाश पर्वत पर शिव-पार्वती तथा विद्युत टावर पर चढ़ी युवती की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही अखाड़े के खिलाड़ियों ने लाठी, तलवारबाजी व अन्य पारंपरिक युद्ध कौशलों का हैरत अंगेज प्रदर्शन किया। विलुप्त हो रही लोक परंपराओं जैसे ‘गोड़ऊ नाच’ और ‘धोबऊ नाच’ की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।

निर्धारित मार्गों से होकर संपन्न हुआ जुलूस
मानस मंदिर से शुरू हुई संयुक्त शोभायात्रा रेलवे चौराहा, चौधरी चरण सिंह तिराहा, सोनाडीह बाईपास, बस स्टेशन, कृषि मंडी, नगर पंचायत कार्यालय और मोहन मार्केट होते हुए अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुई। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विशिष्ट जनों की रही उपस्थिति
आयोजन में योगेश्वर सिंह, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, गोरख पासवान, सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश गुप्ता, व्यापारी नेता प्रशांत कुमार मंटू, प्रवीण चौबे, सन्नी जायसवाल, निलेश दीपू, सर्वेश मिश्रा, पवन मित्तल, डॉ. हरि प्रकाश गुप्ता सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
घोसी नगर पंचायत ने सामुदायिक शौचालयों में चलाया विशेष सफाई अभियानhttps://t.co/j0r3pSbkjB
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 23, 2026












