बलिया

बलिया के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चाइल्ड केयर सेंटर से 16 वर्षीय मूक-बधिर किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने पर हड़कंप मच गया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चाइल्ड केयर सेंटर से 16 वर्षीय मूक-बधिर किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने पर हड़कंप मच गया है। मामले में परिजनों के समर्थन में बुधवार को जन जनवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किशोरी के पिता ने सेंटर प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और भ्रामक जानकारी देने का आरोप लगाया है।
बिहार के वैशाली से लापता हुई थी किशोरी
पीड़ित पिता परमेश्वर महतो निवासी ग्राम रामदासपुर (थाना गोरौल, जिला वैशाली, बिहार) के अनुसार, उनकी 16 वर्षीया मूक-बधिर पुत्री पुतुल कुमारी 18 सितंबर को घर से लापता हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट 19 सितंबर को स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई थी। 20 सितंबर को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखने के बाद परिजनों को पता चला कि बच्ची सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर मिलने के बाद बैरिया पुलिस द्वारा बलिया वन स्टॉप (चाइल्ड हेल्थ केयर) सेंटर भेजी गई थी।

सेंटर में पहुंचने से पहले ही भागने का दावा
परिजनों का आरोप है कि प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर पहचान कराने और आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों के साथ बलिया बुलाने के बाद, जब वे 20 सितंबर की शाम सेंटर पहुंचे तो कर्मचारियों ने बताया कि किशोरी सुबह करीब 10 बजे रोशनदान के रास्ते भाग गई है। पिता ने इस तर्क पर सवाल उठाते हुए मामले में लीपापोती का आरोप लगाया है और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों या पुलिस को सूचना न देने की शिकायत की है। रात 11 बजे 112 नंबर पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी।
दो कर्मियों पर दर्ज हुई FIR, विभागीय कार्रवाई शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र पौत्सयान ने बताया कि लापरवाही बरतने पर महिला कल्याण विभाग और पुलिस विभाग की दो महिला कार्मिकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी गई है।
महिला कल्याण विभाग की कार्मिक शिल्पा की सेवा समाप्ति हेतु संस्तुति पत्र भेजा गया है।
तैनात महिला पुलिस कार्मिक रीमा के विरुद्ध विभागीय जांच व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पुलिस टीमें गठित कर लापता किशोरी की संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है और उसे शीघ्र ही सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
घोसी नगर पंचायत ने सामुदायिक शौचालयों में चलाया विशेष सफाई अभियानhttps://t.co/j0r3pSbkjB
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 23, 2026












